ASANSOL

Asansol DAV छात्र का शव माईथन डैम से बरामद

बंगाल मिरर, आसनसोल/माईथन: स्कूल से अनुपस्थित रहकर दोस्तों के साथ माईथन जलाशय में नहाने गए दसवीं कक्षा के छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। कई घंटों की तलाश और स्थानीय नाविकों के अथक प्रयास के बाद पुलिस ने माईथन जलाशय से छात्र का शव बरामद कर लिया।मृतक छात्र की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है, जो आसनसोल के डीएवी पब्लिक स्कूल का दसवीं कक्षा का छात्र था। इस घटना से परिवार समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह प्रिंस अपने सात सहपाठियों के साथ एक ऑटो रिजर्व कर आसनसोल से माईथन घूमने गया था। सभी छात्र माईथन फायरिंग रेंज और आनंद द्वीप के बीच स्थित एक घाट पर पहुंचे और वहां जलाशय में नहाने उतर गए। इसी दौरान प्रिंस अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके और देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गया।घटना के बाद घबराए दोस्तों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही किसी स्थानीय व्यक्ति को बताया। वे चुपचाप आसनसोल लौट आए। इतना ही नहीं, प्रिंस का स्कूल बैग भी पास के जंगल में फेंक दिया गया।जब देर शाम तक प्रिंस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल से संपर्क करने पर पता चला कि प्रिंस और उसके साथी उस दिन स्कूल पहुंचे ही नहीं थे। इसके बाद परिवार ने आसनसोल नॉर्थ थाना में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और प्रिंस के साथ गए छात्रों से पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में छात्रों ने माईथन जाने और प्रिंस के जलाशय में डूबने की पूरी घटना स्वीकार कर ली।इसके बाद आसनसोल नॉर्थ थाना पुलिस ने मामले की जानकारी सालानपुर थाना और कल्याणेश्वरी फाड़ी पुलिस को दी। पुलिस छात्रों को साथ लेकर घटनास्थल पहुंची और स्थानीय नाव चालकों की मदद से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जंगल से प्रिंस का स्कूल बैग भी बरामद कर लिया गया।कई घंटों तक चले संयुक्त तलाशी अभियान के बाद स्थानीय नाविकों और पुलिस की मदद से माईथन जलाशय से प्रिंस कुमार का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था और नाबालिग छात्रों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, दोस्तों द्वारा घटना छिपाने और समय पर सूचना नहीं देने को लेकर परिजनों में भारी नाराजगी और दुख है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Social Share or Summarize with AI

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *