माननीय इस्पात मंत्री श्री एच. डी. कुमारस्वामी ने किया सेल–आई एस पी का दौरा
बंगाल मिरर, बर्नपुर, 12 जुलाई 2026,एस. सिंह*:भारत सरकार के माननीय इस्पात एवं भारी उद्योग मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने आज सेल– इस्को स्टील प्लांट (आईएसपी), बर्नपुर का दौरा कर संयंत्र की उत्पादन क्षमता, आधुनिकीकरण परियोजनाओं तथा भावी विस्तार योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर सेल के अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार पांडा भी उनके साथ उपस्थित थे।अंडाल (काजी नजरुल इस्लाम) हवाई अड्डे पर आगमन के उपरांत माननीय मंत्री बर्नपुर हाउस पहुंचे, जहां कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) सहित संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।














तत्पश्चात डीआईसी कार्यालय परिसर में सीआईएसएफ द्वारा उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।इसके उपरांत माननीय इस्पात मंत्री, तथा सेल के अध्यक्ष ने डीआईसी कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।बर्नपुर हाउस में सुरक्षा संबंधी संक्षिप्त जानकारी प्राप्त करने के बाद माननीय मंत्री ने संयंत्र एवं विस्तार परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कोक ओवन बैटरी–12 (COB-12) की निर्माण प्रगति का अवलोकन किया तथा ब्लास्ट फर्नेस, बार मिल एवं कोक ओवन बैटरी–10 के लिए निर्मित नए जलाशय (Reservoir) का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की।
इसके पश्चात डीआईसी सम्मेलन कक्ष में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में माननीय मंत्री ने संयंत्र के उत्पादन प्रदर्शन, आधुनिकीकरण, 4.08 एमटीपीए ब्राउनफील्ड विस्तार परियोजना, डिजिटल परिवर्तन, ऊर्जा दक्षता, सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा भविष्य की विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सभी कार्यात्मक प्रमुखों, मुख्य महाप्रबंधकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्रों की प्रगति से अवगत कराया।माननीय मंत्री ने संयंत्र द्वारा उत्पादन क्षमता बढ़ाने, आधुनिक प्रौद्योगिकी अपनाने, सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने तथा विस्तार परियोजनाओं को गति देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से परियोजनाओं को पूरा करने, लागत नियंत्रण, गुणवत्ता, डिजिटल नवाचार तथा सतत विकास पर विशेष बल देने का आह्वान किया।दौरे के दौरान निदेशक प्रभारी सूरजित मिश्रा, सेल के अध्यक्ष डॉ अशोक कुमार पांडा, कार्यपालक निदेशकगण तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। यह दौरा इस्को स्टील प्लांट की विकास यात्रा तथा भारत के इस्पात क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुआ।


