Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
ASANSOL

अंतरराष्ट्रीय शूटर अभिनव साव से पश्चिम बर्धमान में जनगणना की शुरुआत, जागरूकता के लिए टैब्लो

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः*पश्चिम बंगाल में शनिवार से जनगणना (आदमशुमारी) की प्रक्रिया शुरू हो गई। राज्य में इस कार्य को चरणबद्ध तरीके से वर्ष 2027 तक पूरा करने की योजना के तहत इसकी शुरुआत की गई।शनिवार सुबह आसनसोल के कल्याणपुर स्थित पश्चिम बर्धमान जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम की उपस्थिति में जनगणना अभियान का शुभारंभ हुआ।अंतरराष्ट्रीय शूटर अभिनव साव से पश्चिम बर्धमान में जनगणना की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जनगणना के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए एक प्रचार झांकी (टैब्लो) को रवाना किया गया, जो जिले के विभिन्न इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक करेगी।

जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल के अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शूटर अभिनव साव, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय तथा पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी ने हरी झंडी दिखाकर इस झांकी को रवाना किया। इससे पहले जिलाधिकारी ने अंतरराष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिनव साव को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अभिनव ने आसनसोल ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम विश्व स्तर पर गौरवान्वित किया है, जो प्रशंसा के योग्य है।

इस अवसर पर अभिनव के माता-पिता भी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर की गई।इसके बाद जिलाधिकारी ने जनगणना की पूरी प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गणनाकर्मी घर-घर जाकर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्र करेंगे। लोग चाहें तो स्वयं भी सरकारी पोर्टल पर अपनी जानकारी अपलोड कर सकते हैं। जानकारी अपलोड करने के बाद उन्हें 11 अंकों का एक यूनिक आईडी नंबर मिलेगा।

जब गणनाकर्मी घर पर आएंगे, तब संबंधित व्यक्ति यह आईडी उन्हें देंगे, जिससे वे सरकारी पोर्टल से उनकी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।जिलाधिकारी ने अभिनव साव और विधायक अरिजीत राय के साथ इस ऑनलाइन प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली बेहद सरल और पारदर्शी है तथा विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों के लोग स्वयं अपनी जानकारी अपलोड कर जनगणना अभियान को सफल बनाने में योगदान दे सकते हैं।बाद में राज्य के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार भी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पूरे कार्यक्रम का निरीक्षण किया।

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछली जनगणना वाम मोर्चा सरकार के समय हुई थी, उसके बाद कोई जनगणना नहीं हुई।उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने के लिए जनगणना बेहद महत्वपूर्ण है। कई योजनाएं गरीबों के लिए बनाई जाती हैं, लेकिन सही जनगणना के अभाव में उनका लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पाता, जिससे योजनाएं अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो पातीं।

उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होगा और गरीबों को योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा।डॉ. पोद्दार ने यह भी कहा कि यह जनगणना पूरी तरह पारदर्शी और वैज्ञानिक तरीके से कराई जा रही है तथा इसकी प्रक्रिया पूरे देश में शुरू हो चुकी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि भविष्य में जब जातिगत जनगणना होगी, तब वे अपनी जाति से संबंधित सही जानकारी दें, ताकि सभी समुदायों के लोग सरकार की जाति-आधारित योजनाओं का समान रूप से लाभ प्राप्त कर सकें।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *