पश्चिम बर्धमान में 125 दिनों के रोजगार कार्य को लेकर उच्चस्तरीय बैठक आसनसोल में मंत्री की मौजूदगी में हुई समीक्षा
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः*पश्चिम बर्धमान जिले में पहले की 100 दिनों की रोजगार योजना के स्थान पर राज्य सरकार द्वारा घोषित 125 दिनों के रोजगार कार्यक्रम (वीबीजी रामजी परियोजना) को लेकर शनिवार को आसनसोल के कल्याणपुर स्थित जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।बैठक में राज्य के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, पश्चिम बर्धमान जिला परिषद के सभाधिपति विश्वनाथ बाउरी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, जिला परिषद के सदस्य, विभिन्न प्रखंडों के बीडीओ तथा अन्य सरकारी अधिकारी उपस्थित थे।














बैठक के बाद विधायक अरिजीत राय ने कहा कि इस नई सरकारी योजना की शुरुआत अगस्त माह से की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के कार्यकाल में 100 दिनों की रोजगार योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ था, जिसके कारण केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में यह योजना बंद कर दी थी। उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार ने 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की व्यवस्था की है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि अकुशल श्रमिकों को प्रतिदिन 300 रुपये तथा सुपरवाइजरों को लगभग 450 रुपये से अधिक मजदूरी दी जाएगी।अरिजीत राय ने कहा कि पिछली सरकार में हुए कथित भ्रष्टाचार को ध्यान में रखते हुए इस योजना की पूरी प्रक्रिया को पेपरलेस बनाया जाएगा। कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने से लेकर सभी कार्य डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत तालाबों की खुदाई, वृक्षारोपण सहित अन्य विकास कार्यों पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही सरकार की स्थायी परिसंपत्तियों (Permanent Assets) के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

