Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Bengal Mirror
ASANSOL

आसनसोल में रेलवे की जमीन पर बुलडोजर चला, बारिश के बीच सिर से छिन गई छत, कई गरीब परिवारों पर गहराया संकट

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:*आसनसोल शहर के लोअर कुमारपुर इलाके में बुधवार को रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। रेलवे प्रशासन ने रेलवे भूमि पर बने कई मकानों को ध्वस्त कर दिया। बुलडोजर की कार्रवाई में देखते ही देखते कई घर टूट गए। इसके चलते बरसात के मौसम में अनेक गरीब परिवारों के सिर से छत छिन गई और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।इस कार्रवाई से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। लगातार बारिश और खराब मौसम के बीच वे अब कहां शरण लें, इसी चिंता में दिन गुजार रहे हैं।

प्रभावित लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले ही रेलवे प्रशासन ने उन्हें क्षेत्र खाली करने का नोटिस दिया था। लेकिन बरसात के मौसम में की गई इस कार्रवाई से उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि वे लंबे समय से इस इलाके में रह रहे थे, लेकिन उनके पुनर्वास की कोई स्पष्ट व्यवस्था नहीं की गई। इसके कारण वे अब पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं। बुलडोजर कार्रवाई के बाद कई लोग अपने टूटे हुए घरों के मलबे में से जरूरी सामान निकालते हुए दिखाई दिए।

बरसात के इस मौसम में सिर छिपाने की जगह खो देने के कारण प्रभावित परिवारों के भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और तत्काल राहत उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है।रेलवे की ओर से कहा गया है कि सभी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पहले नोटिस जारी किया गया था और उसी प्रक्रिया के तहत बुधवार को यह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *