Durgapur : रंगदारी देने से इनकार करने पर एंबुलेंस चालक से मारपीट का आरोप पूर्व तृणमूल पार्षद पर, बताया बेबुनियाद
बंगाल मिरर, दुर्गापुर: दुर्गापुर में एक एंबुलेंस चालक ने पूर्व तृणमूल कांग्रेस पार्षद हीरालाल बाउरी पर रंगदारी (तोला) का पैसा नहीं देने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्हें राजनीतिक साजिश बताया है। घायल चालक ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार, गांधी मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर कार्यरत एंबुलेंस चालक मानिक धीबर ने आरोप लगाया कि तृणमूल शासन के दौरान उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये पूर्व पार्षद हीरालाल बाउरी को देने पड़ते थे। उनका दावा है कि भय के कारण वह हर महीने ऑनलाइन माध्यम से यह राशि भेजते थे।














मानिक धीबर का आरोप है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद उन्होंने कथित तौर पर यह रकम देना बंद कर दिया। इसके बाद हाल ही में आरोपी ने शराब के नशे में उन्हें सड़क पर गिराकर मारपीट की। चालक का यह भी दावा है कि उन्हें धमकी दी गई कि दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।घटना के बाद एंबुलेंस चालक ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए प्रशासन से कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने ई-मेल के माध्यम से पुलिस के पास लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है।वहीं, पूर्व तृणमूल पार्षद हीरालाल बाउरी ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है।
दूसरी ओर, दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो पुलिस को तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करना चाहिए।फिलहाल पुलिस को लिखित शिकायत मिल चुकी है। अब यह देखना होगा कि जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पुलिस आगे क्या कानूनी कार्रवाई करती है।


