ASANSOL

रामपुर में एमवीआई चेकपोस्ट पर वसूली का मामला पुलिस के जाल में एक और दलाल, 5 लाख से अधिक रुपये, मोबाइल और डायरी बरामद

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोपों की जांच में कुल्टी थाना पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। इससे पहले दो एमवीआई अधिकारियों को निलंबित करने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित ‘मामा होटल’ के मालिक अभिजीत घोष को भी गिरफ्तार किया गया था।अब इस मामले की जांच के दौरान गुरुवार रात आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फांड़ी अंतर्गत चलबलपुर गांव में अभियान चलाया।

वहां बाबलू भंडारी नामक एक दलाल के घर पर काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके घर से करीब 5 लाख रुपये से अधिक नकद, दो मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण डायरियां बरामद की गईं। अभियान के बाद पुलिस ने बाबलू भंडारी को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।जांच अधिकारियों का प्रारंभिक अनुमान है कि बरामद नकदी, मोबाइल फोन और डायरियां एमवीआई चेकपोस्ट में चल रहे भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और गैरकानूनी वित्तीय लेनदेन की जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हो सकती हैं।

जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल जानकारी की जांच की जा रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका भी पता लगाने की कोशिश पुलिस कर रही है।रामपुर एमवीआई चेकपोस्ट पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों और बरामदगी को लेकर पूरे औद्योगिक क्षेत्र में काफी हलचल है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर इस मामले में और भी महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *