मजदूर नियुक्ति को लेकर कांकसा में भाजपा के पुराने-नए कार्यकर्ताओं में विवाद, मारपीट-तोड़फोड़ से इलाके में तनाव
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* ठेका मजदूरों की नियुक्ति को लेकर भाजपा के पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच विवाद से पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर के कांकसा स्थित राजबांध इलाके में तनाव फैल गया। मजदूर नियुक्ति का नियंत्रण किसके हाथ में रहेगा, इसे लेकर 4 मई के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच खींचतान चल रही थी। गुरुवार को यह विवाद मारपीट, तोड़फोड़ और लोगों के घायल होने तक पहुंच गया।एक गुट का आरोप है कि 4 मई के बाद से कुछ नेता भाजपा के नाम का इस्तेमाल कर इलाके में वसूली कर रहे हैं और बाहरी लोगों को काम में लगाया जा रहा है। इसका विरोध करने पर इलाके के पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया।














मारपीट के साथ ही महिलाओं के साथ भी बदसलूकी करने का आरोप लगाया गया है।भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव सौमेन कोनार ने आरोप लगाया कि तृणमूल के कुछ नेता 4 मई के बाद रातों-रात भाजपा की पहचान लेकर इलाके में दबंगई और वसूली कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस मामले की जानकारी पार्टी के जिला नेतृत्व और पुलिस को दी गई है।

हालांकि, जिला भाजपा अध्यक्ष अभिजीत ता ने गुटबाजी के आरोप को पूरी तरह खारिज कर दिया। उनका पलटवार है कि तृणमूल का एक वर्ग रातों-रात भाजपा बनकर इलाके में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है और भ्रष्ट लोग खुद को बचाने के लिए भाजपा के नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं।मजदूर नियुक्ति को लेकर सत्तारूढ़ दल से जुड़े दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बीच राजबांध इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस ने बताया कि वास्तव में क्या हुआ, इसकी जांच की जा रही है।






