Wednesday, October 7, 2026
Latest:

Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Wednesday, October 7, 2026
Latest:
Bengal Mirror
ASANSOL

भारी बारिश में जलमग्न आसनसोल का रेलपार, घर में फंसे 7 लोगों को सिविल डिफेंस टीम ने किया रेस्क्यू

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र का विस्तृत इलाका जलमग्न हो गया है। सोमवार सुबह से शुरू हुई तेज बारिश के कारण आसनसोल के रेलपार इलाके के कई मोहल्लों में पानी घुस गया। कई घरों के अंदर भी पानी भर जाने से लोग फंस गए। कई घरों की पूरी पहली मंजिल पानी में डूब गई। जान बचाने के लिए लोगों ने घर की दूसरी मंजिल और छत पर शरण ली। स्वाभाविक रूप से वे काफी भयभीत हो गए।इस स्थिति की जानकारी मिलने के बाद पश्चिम बर्दवान जिले की सिविल डिफेंस की क्यूआरटी यानी क्विक रिस्पॉन्स टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई।

टीम ने रेलपार इलाके के विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर कुल 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।जानकारी के अनुसार, कसाई मोहल्ले से कुल 5 लोगों को बचाया गया। इनमें 6 साल की एक बच्ची, एक गर्भवती महिला, एक महिला और दो युवक शामिल थे। वहीं, जहांगीर मोहल्ले से दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

इनमें एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक युवक शामिल था।तेज जलधारा और जलमग्न परिस्थितियों के बीच जोखिम उठाकर सिविल डिफेंस की क्यूआरटी टीम ने बचाव अभियान चलाया। टीम ने तेजी से फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।लगातार बारिश के कारण आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जलजमाव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऐसे में प्रशासन के साथ-साथ बचाव दलों की तत्परता से जलमग्न इलाकों के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *