ASANSOL

बारिश के कारण स्कूल परिसर में धंसान, दहशत के चलते पढ़ाई बंद

*बंगाल मिरर,सार्थक कुमार दे, दुर्गापुर :* दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मंगलवार सुबह पांडवेश्वर के हरिपुर गांव स्थित एक सरकारी माध्यमिक विद्यालय परिसर में जमीन धंसने की घटना से दहशत फैल गई। विद्यालय के मिड-डे मील रसोईघर के पास मिट्टी धंसने से एक बड़ा गड्ढा बन गया है। घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों के बीच भय का माहौल बन गया।स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हरिपुर स्थित उक्त विद्यालय में वर्तमान में करीब 528 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को विद्यालय में पढ़ाई बंद रखी गई।विद्यालय सूत्रों के अनुसार, 2023 में भी स्कूल परिसर में जमीन धंसने की घटना हुई थी। उस समय शिक्षकों और अभिभावकों ने आरोप लगाया था कि ईसीएल की खनन गतिविधियों के कारण बार-बार जमीन धंसने की घटनाएं हो रही हैं।

छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को दूसरी जगह स्थानांतरित कर नए सिरे से निर्माण कराने के लिए ईसीएल से आवेदन किया गया था। कंपनी की ओर से पुनर्वास का आश्वासन भी दिया गया था। हालांकि, आरोप है कि अभी तक उस आश्वासन को अमल में नहीं लाया गया है।मंगलवार की घटना की खबर मिलने के बाद ईसीएल के अधिकारी विद्यालय पहुंचे। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर जमीन धंसने वाले स्थान के चारों ओर फेंसिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।

घटनास्थल पर मौजूद ईसीएल के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर संभव व्यवस्था की जा रही है।बार-बार जमीन धंसने की घटनाओं के बावजूद विद्यालय को अब तक दूसरी जगह स्थानांतरित नहीं किए जाने को लेकर छात्रों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थायी समाधान की मांग को लेकर शिक्षक और अभिभावक फिर से मुखर हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *