आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की डीडी का अभियान जामुड़िया में परित्यक्त क्वार्टर से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
*बंगाल मिरर, जामुड़िया, राजा बनर्जीः* आसनसोल के जामुड़िया में ईसीएल के एक परित्यक्त क्वार्टर से अवैध हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है।अवैध हथियारों और अपराधी गिरोहों के खिलाफ अभियान के तहत आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की एक टीम और जामुड़िया थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से बुधवार रात करीब डेढ़ बजे जामुड़िया ईसीएल की नॉर्थ सीयरसोल कोलियरी के एक परित्यक्त दो मंजिला क्वार्टर में छापेमारी की। इसी दौरान अवैध हथियारों के इस जखीरे का पता चला।जानकारी के अनुसार, जामुड़िया थाना कांड संख्या 219/26, दिनांक 8.6.26, धारा 303(2), 317(2), 317(4), 317(5), 61(2)/3(5) बीएनएस के तहत दर्ज मामले में फिलहाल पुलिस हिरासत में मौजूद एक आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार रात डीडी और पुलिस ने यह अभियान चलाया।














इस अभियान में 1 देशी 7 एमएम पिस्तौल, 1 देशी रिवॉल्वर, 2 देशी पाइप गन और 8 राउंड जिंदा गोलियां बरामद की गईं। हालांकि, पुलिस किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हथियार बरामदगी के मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। बरामद आग्नेयास्त्रों का स्रोत, इनके इस्तेमाल और इनके पीछे सक्रिय बड़े गिरोह के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।






