दुर्गापुर के कई होटलों में अग्निशामक यंत्र नहीं दमकल विभाग ने दिया नोटिस
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बनर्जीः* कोलकाता और तारापीठ के दो होटलों में दो दिनों के भीतर हुए भीषण अग्निकांड में 18 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद दुर्गापुर के कई होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें और सवाल उठने लगे हैं।दोनों अग्निकांड की घटनाओं के बाद दुर्गापुर का पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग हरकत में आया है। गुरुवार सुबह से ही दुर्गापुर के बेनाचिती इलाके में कई होटलों में पुलिस के साथ दमकल विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाया।














दमकल विभाग के सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कई होटलों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई। कहीं पर्याप्त अग्निशमन उपकरण नहीं मिले, तो कहीं आपात स्थिति में बाहर निकलने के लिए वैकल्पिक गेट नहीं था। वहीं कुछ होटलों में फायर स्प्रिंकलर भी नहीं पाए गए।यह भी आरोप है कि कुछ होटलों में लगे अग्निशामक यंत्रों की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी है।

कई जगह अग्निशमन व्यवस्था के लिए आवश्यक पानी की पाइपलाइन भी नहीं है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर दमकल की गाड़ियों के प्रवेश के लिए पर्याप्त रास्ता भी नहीं होने की जानकारी सामने आई है।स्थिति की जांच करने के बाद दमकल विभाग की ओर से कई होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है।दमकल विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






