ASANSOL

अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिला अब कुल्टी में महिलाओं ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्यायः* अन्नपूर्णा योजना का पैसा अब तक नहीं मिलने से महिलाओं में भारी आक्रोश देखा गया। शनिवार सुबह आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के रामनगर इलाके में कल्याणेश्वरी-बराकर रोड पर अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई।गौरतलब है कि राज्य में भाजपा की ओर से सत्ता में आने से पहले चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया गया था कि लक्ष्मी भंडार के स्थान पर राज्य की महिलाओं को हर महीने 3 हजार रुपये की अन्नपूर्णा योजना का लाभ दिया जाएगा।

सरकार बनने के बाद उस वादे के अनुसार बड़ी संख्या में महिलाओं ने अन्नपूर्णा योजना के लिए आवेदन किया।पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न इलाकों के साथ-साथ कुल्टी की भी कई महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया है। आरोप है कि जहां कई महिलाओं के बैंक खातों में पैसे जमा हो चुके हैं, वहीं अभी भी बड़ी संख्या में आवेदकों को पैसा नहीं मिला है। इसी नाराजगी के चलते शनिवार को बराकर के रामनगर इलाके में महिलाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।प्रदर्शनकारी कमली घोष, रीता पाल सहित अन्य महिलाओं का आरोप है कि आवेदन करने के बावजूद उनके बैंक खातों में पैसे नहीं आए हैं।

इस संबंध में प्रशासन से जानकारी मांगने के बावजूद कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। उनकी मांग है कि योग्य आवेदकों को जल्द से जल्द अन्नपूर्णा योजना की राशि देने की व्यवस्था की जाए।महिलाओं द्वारा सड़क जाम किए जाने के कारण इलाके में यातायात भी प्रभावित हुआ। खबर मिलने के बाद कुल्टी थाने के इंस्पेक्टर इंचार्ज सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में और बड़े आंदोलन का रुख किया जाएगा।दूसरी ओर, अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर पिछले कुछ दिनों से पश्चिम बर्धमान जिले के विभिन्न इलाकों में नाराजगी और विरोध प्रदर्शन की घटनाएं सामने आ रही हैं। आवेदकों की मांग है कि प्रशासन जल्द से जल्द मामले की जांच कर उन्हें उनकी बकाया राशि देने की व्यवस्था करे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *