ASANSOLBARABANI-SALANPUR-CHITTARANJAN

रूपनारायणपुर और चित्तरंजन बाजार में एसडीओ के नेतृत्व में प्रशासन की कार्रवाई, सामानों की कीमतों को नियंत्रित करने की कड़ी चेतावनी

*बंगाल मिरर, रूपनारायणपुर व चित्तरंजन, राजा बंदोपाध्यायः* रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बाजार कीमतों को नियंत्रित रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के सालानपुर ब्लॉक के रूपनारायणपुर बाजार और चित्तरंजन ब्लॉक के अमलादही बाजार में मंगलवार को महकमा प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने अचानक अभियान चलाया।आसनसोल के महकमा शासक या एसडीओ (सदर) साधन देवनाथ के नेतृत्व में चलाए गए इस संयुक्त अभियान में एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन, सालानपुर थाने के प्रभारी अधिकारी विश्वजीत मंडल सहित प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

बाजार का निरीक्षण करने के दौरान चावल, चीनी, प्याज, खाद्य तेल, विभिन्न प्रकार की सब्जियों तथा मछली-मांस की मौजूदा कीमतों की विस्तार से जांच की गई। थोक और खुदरा बाजार की कीमतों में अंतर की भी जांच की गई और यह देखा गया कि कहीं कृत्रिम रूप से किसी वस्तु की कीमत तो नहीं बढ़ाई जा रही है।अभियान के बाद महकमा शासक साधन देवनाथ ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी कारण या कृत्रिम संकट पैदा कर आवश्यक वस्तुओं की कीमत बढ़ाने की कोशिश को प्रशासन बर्दाश्त नहीं करेगा।

बाजार में खरीद-बिक्री के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता या कालाबाजारी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन के इस अचानक अभियान से आम खरीदारों में राहत देखने को मिली है, वहीं असाधु कारोबारियों में चिंता पैदा हो गई है। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आने वाले दिनों में भी इस तरह की निगरानी जारी रहेगी, प्रशासनिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *