ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर के आवासीय परिसर में ताला तोड़कर चोरी, नकदी और सोने समेत 12 लाख रुपये का सामान गायब

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* दुर्गापुर के लिंक रोड इलाके में एक आवासीय परिसर में ताला तोड़कर चोरी की घटना से सनसनी फैल गई है। घर से नकदी और सोने के आभूषण समेत करीब 12 लाख रुपये का सामान चोरी होने का दावा परिवार की ओर से किया गया है। रविवार सुबह घटना की जानकारी सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, घर के मालिक रविंद्र कुमार काम के सिलसिले में सिंगापुर में रहते हैं। लंबे समय से घर बंद रहने के कारण वहां गंदगी जमा हो गई थी।

रविवार सुबह परिवार का एक सदस्य घर की साफ-सफाई करने के लिए वहां पहुंचा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है।इसके बाद घर के अंदर प्रवेश करने पर अलमारी और लॉकर भी टूटे हुए मिले। परिवार के सदस्यों का दावा है कि बदमाश अलमारी में रखी नकदी और सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है।

घटना की सूचना दुर्गापुर थाने को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर आवासीय परिसर में कैसे दाखिल हुए, चोरी कितने दिन पहले हुई और इस घटना में कौन-कौन लोग शामिल हैं।इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत फैल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *