14 दिनों की जेल हिरासत खदान कर्मी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप सीबीआई के जाल में पांडवेश्वर का तृणमूल श्रमिक नेता, मचा हड़कंप
*बंगाल मिरर, पांडवेश्वर व आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* मेडिकल ग्राउंड पर कार्यस्थल में सुविधा दिलाने के नाम पर एक खदान कर्मी से 20 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन के नेता को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम शंकरलाल हरिजन है। गिरफ्तार तृणमूल श्रमिक संगठन का नेता ईसीएल की पांडवेश्वर स्थित श्यामला कोलियरी का खदान कर्मी भी है। पश्चिम बर्दवान जिले के खनन क्षेत्र पांडवेश्वर में सीबीआई की इस गिरफ्तारी से बुधवार रात से ही इलाके में भारी हड़कंप मच गया।गुरुवार दोपहर गिरफ्तार शंकरलाल हरिजन को आसनसोल स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया। केंद्रीय जांच एजेंसी की ओर से उसे हिरासत में लेने की कोई मांग अदालत में नहीं की गई। हालांकि, गिरफ्तार व्यक्ति की ओर से उसके वकील ने अदालत में जमानत की अर्जी दी थी।













लेकिन दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने जमानत याचिका खारिज कर दी और 14 दिनों की जेल हिरासत का आदेश दिया।जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 8 बजे पांडवेश्वर के साउथ श्यामला कोलियरी इलाके में तृणमूल श्रमिक संगठन के नेता और खदान कर्मी शंकरलाल हरिजन के घर पर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई की टीम ने छापेमारी की। इसके साथ ही कोलियरी के एक कार्यालय में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
रातभर चले इस अभियान में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात बरामद किए जाने का दावा सूत्रों ने किया है।बताया गया है कि तृणमूल सरकार के कार्यकाल में शंकरलाल हरिजन तृणमूल के श्रमिक संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे। दो दिन पहले ईसीएल के साउथ श्यामला कोलियरी के एक कर्मचारी को मेडिकल ग्राउंड पर विशेष सुविधा दिलाने के नाम पर शंकरलाल हरिजन द्वारा 20 हजार रुपये रिश्वत लेने का आरोप सामने आया था। उक्त कर्मचारी ने इसकी शिकायत सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के अधिकारियों से की थी।
कर्मचारी की शिकायत के आधार पर सीबीआई अधिकारियों ने बुधवार को जाल बिछाया और 20 हजार रुपये रिश्वत लेते समय शंकरलाल को रंगे हाथों पकड़ लिया।इसके बाद बुधवार रात सीबीआई की तीन सदस्यीय टीम साउथ श्यामला कोलियरी इलाके में पहुंची। सबसे पहले कोलियरी के एक कार्यालय में तलाशी लेने के बाद शंकरलाल हरिजन के घर पर भी लंबी तलाशी शुरू की गई।
घर के विभिन्न दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच करने के साथ ही जांच अधिकारी कई महत्वपूर्ण कागजात अपने साथ ले गए।तलाशी अभियान को लेकर पूरे इलाके में भारी तनाव और उत्सुकता का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के एक वर्ग के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। खासकर ईसीएल कर्मचारी को ‘विशेष सुविधा’ दिलाने के बदले आर्थिक लेनदेन के आरोप को लेकर इलाके में काफी चर्चा होने लगी।सूत्रों के अनुसार, अभियान के दौरान सीबीआई ने शंकरलाल हरिजन के बेटे को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की।
इस संबंध में गिरफ्तार शंकरलाल हरिजन के वकील शेखर कुंडू ने गुरुवार को कहा कि सीबीआई ने उनके मुवक्किल को एक खदान कर्मी को कार्यस्थल पर सुविधा दिलाने के लिए 20 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। गुरुवार को उसे सीबीआई अदालत में पेश किया गया था। हालांकि, सीबीआई की ओर से उसे हिरासत में लेने की मांग नहीं की गई। उन्होंने जमानत के लिए आवेदन किया था, लेकिन न्यायाधीश ने जमानत याचिका खारिज कर 14 दिनों की जेल हिरासत का आदेश दिया।

