PANDESWAR-ANDAL

CBI Raid : पांडवेश्वर के साउथ श्यामला कोलियरी में TMC श्रमिक नेता के घर और कोलियरी कार्यालय में तलाशी

बंगाल मिरर,पांडवेश्वर: बुधवार रात पांडवेश्वर के साउथ श्यामला कोलियरी इलाके में अचानक CBI की छापेमारी से हड़कंप मच गया। रात करीब 8 बजे केंद्रीय जांच एजेंसी की तीन सदस्यीय टीम ने तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन से जुड़े नेता शंकरलाल हरिजन के घर पर तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही कोलियरी के एक कार्यालय में भी तलाशी ली गई।


सूत्रों के अनुसार, रातभर चले अभियान के दौरान जांच अधिकारियों ने घर और कार्यालय से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कागजात जुटाए। बताया जा रहा है कि शंकरलाल हरिजन पूर्व में तृणमूल के श्रमिक संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं।


खनन क्षेत्र में चर्चा है कि ECL के एक कर्मचारी को कथित तौर पर विशेष सुविधा दिलाने के नाम पर मोटी रकम रिश्वत के रूप में लेने के आरोप से जुड़े मामले में यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, इस आरोप या CBI की कार्रवाई को लेकर जांच एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


बताया गया कि CBI टीम ने पहले कोलियरी के एक कार्यालय में तलाशी ली और इसके बाद शंकरलाल हरिजन के घर पहुंचकर लंबे समय तक दस्तावेजों और अन्य सामान की जांच की। सूत्रों का दावा है कि कुछ महत्वपूर्ण कागजात जांच अधिकारी अपने साथ ले गए।

वहीं, अभियान के दौरान शंकरलाल हरिजन के घर पर मौजूद नहीं होने पर उनके बेटे को CBI ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, ऐसा भी सूत्रों का दावा है। हालांकि, उन्हें किस आधार पर हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ क्या आरोप हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


CBI की इस अचानक कार्रवाई के बाद पांडवेश्वर के राजनीतिक और श्रमिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। ECL से जुड़े कथित रिश्वत मामले और पूर्व TMC श्रमिक नेता के घर हुई छापेमारी ने खनन क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *