ट्रैफिक नियम तोड़ने का आरोप, टोटो चालक के साथ पुलिस की बहेस, रानीगंज तनाव का माहौल
*बंगाल मिरर, रानीगंज, राजा बंदोपाध्यायः* टोटो के आवागमन को नियंत्रित करने को लेकर पुलिस और टोटो चालकों के बीच बहस और विवाद अब आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में कोई नई बात नहीं रह गई है। कहें तो कहीं न कहीं यह घटना सामने आ ही रही है। मंगलवार रात ऐसी ही एक घटना रानीगंज थाना क्षेत्र के शिशुबागान मोड़ पर सामने आई। ट्रैफिक नियमों का पालन किए बिना टोटो चलाने के आरोप में एक चालक को रोकते ही ट्रैफिक गार्ड पुलिस के साथ उसकी बहस शुरू हो गई। काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में रानीगंज थाना और ट्रैफिक गार्ड के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।













जानकारी के अनुसार, मंगलवार को रानीगंज के खाटू श्याम मंदिर में सरस संकीर्तन कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ थी। यातायात जाम को नियंत्रित करने के लिए शिशुबागान मोड़ और तारबंगला मोड़ इलाके में रानीगंज ट्रैफिक गार्ड की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। पंजाबी मोड़ से रानीगंज की ओर आने वाले वाहनों को नियंत्रित करने के साथ-साथ खाटू श्याम मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों पर भी निगरानी रखी जा रही थी।
आरोप है कि रात में एक टोटो चालक ट्रैफिक नियमों का पालन किए बिना टोटो लेकर मंदिर की ओर जाने की कोशिश कर रहा था। ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ देर तक सड़क पर खड़े होकर ही दोनों के बीच तर्क-वितर्क चलता रहा। स्थिति गर्म होने पर पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर मामले को संभाल लिया।गौरतलब है कि टोटो के आवागमन और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर पिछले एक सप्ताह से आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर बहस और तनाव की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
कहीं निर्धारित रूट पर टोटो चलाने में बाधा को लेकर चालकों और पुलिस के बीच मतभेद हो रहा है, तो कहीं ट्रैफिक कानून तोड़ने के आरोप में टोटो रोके जाने को लेकर तनाव की स्थिति बन रही है। ऐसे में यातायात जाम को नियंत्रित करने के साथ-साथ टोटो के संचालन में नियमों का पालन और चालकों के साथ पुलिस के समन्वय का मुद्दा भी लगातार जटिल होता जा रहा है।

