ASANSOL

तेल-भाजा की दुकान में अचानक लगी आग, जलकर राख हुआ सारा सामान

बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, अंडाल :जरा सी चूक से तेल में लगी आग, तेल-भाजा की दुकान जलकर राखशनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे अंडाल के मुकुंदपुर गांव के मोड़ पर स्थित एक तेल-भाजा की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते दुकान का सारा सामान जलकर राख हो गया। सौभाग्य से इस घटना में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, दुकान में रखे जरूरी दस्तावेजों के साथ करीब 30 हजार रुपये नकद भी जलकर नष्ट हो गए। दुकान की मालिक आशा नंदी ने यह जानकारी दी।आशा देवी ने बताया कि तेल-भाजा बनाने के लिए उन्होंने कड़ाही में तेल चढ़ाया था। अचानक उसी तेल में आग लग गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पल में दुकान के फर्नीचर और अन्य सामान में भी आग लग गई। डर के कारण वह तुरंत दुकान से बाहर निकल आईं और देखते ही देखते पूरी दुकान आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई।उन्होंने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं। पति-पत्नी मिलकर इसी तेल-भाजा की दुकान को चलाते थे और इसी दुकान की कमाई से उनका परिवार चलता था। बच्चों की पढ़ाई से लेकर परिवार की अन्य जरूरतों तक, सब कुछ इसी दुकान पर निर्भर था।दुकान में रखा फ्रिज, फर्नीचर और अन्य सभी सामान आग में जलकर राख हो गया।

स्थानीय लोगों के प्रयास से आखिरकार आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान का लगभग पूरा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।अब परिवार के सामने सबसे बड़ी चिंता यह है कि आगे उनका घर कैसे चलेगा और वे दोबारा कैसे अपने पैरों पर खड़े होंगे। दुकान में रखा नकद पैसा, फर्नीचर और अन्य सामान—सब कुछ आग की भेंट चढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *