ASANSOL-BURNPUR

SAIL BONUS 2026 : 32 हजार रुपये, ट्रेनीज को 25600

बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर/नई दिल्ली: ( SAIL BONUS 2026)  स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के कर्मचारियों के बोनस को लेकर इस बार दिल्ली में हुई बैठक में सहमति बन गई है। पिछले साल की तुलना में इस बार कर्मचारियों को अधिक बोनस मिलेगा। सेल प्रबंधन और नेशनल ज्वाइंट कमेटी फॉर स्टील (NJCS) के सदस्यों के बीच हुई बैठक में नियमित कर्मचारियों के लिए 32 हजार रुपये और प्रशिक्षु कर्मचारियों (ट्रेनीज) के लिए 25,600 रुपये बोनस तय किया गया है।


दिल्ली में आयोजित इस बैठक में शुरुआत में काफी देरी हुई, लेकिन शाम करीब 5:30 बजे तक बोनस पर समझौता हो गया। समझौते के पत्र पर इंटक, बीएमएस, एचएमएस और एटक के प्रतिनिधियों ने हस्ताक्षर कर दिए। वहीं, सीटू ने समझौते पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया।

बैठक में प्रबंधन ने बोनस फॉर्मूले के तहत 30,109 रुपये देने का प्रस्ताव रखा था। बाद में इसे बढ़ाकर 31,200 रुपये करने का प्रस्ताव दिया गया। अंततः नियमित कर्मचारियों के लिए 32 हजार रुपये और ट्रेनीज के लिए 25,600 रुपये पर सहमति बनी।


हालांकि, सीटू ने इस समझौते का विरोध किया। सीटू के प्रतिनिधियों का कहना है कि उन्होंने 40,500 रुपये बोनस की मांग की थी। दुर्गापुर, भिलाई, राउरकेला, बोकारो, सेलम, आईएसपी, विश्वेश्वरैया स्टील प्लांट और खदानों के कर्मचारियों से मिले फीडबैक के आधार पर यह मांग रखी गई थी। सीटू का कहना है कि जब कर्मचारियों की मांग 40,500 रुपये की थी, तो केवल 800 रुपये के अंतर के कारण समझौते पर हस्ताक्षर करना उचित नहीं था।
श


बैठक में सेल प्रबंधन की ओर से डायरेक्टर पर्सनल केके सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। वहीं, एनजेसीएस की ओर से इंटक, बीएमएस, एचएमएस, एटक और सीटू के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
इस प्रकार, चार यूनियनों की सहमति से बोनस का समझौता हो गया, जबकि सीटू ने अपनी मांग पर कायम रहते हुए इससे दूरी बनाए रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *