घर में अकेली पाकर नाबालिग से यौन उत्पीड़न का आरोप, दुर्गापुर में युवक गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः* घर में अकेली होने का फायदा उठाकर एक नाबालिग को डराने और बहलाने-फुसलाने के बाद कई बार यौन उत्पीड़न करने का आरोप इलाके के एक युवक पर लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक का नाम तरुण राम है। वह दुर्गापुर के ओल्ड कोर्ट मोड़ इलाके का निवासी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग के माता-पिता दोनों ही दिहाड़ी मजदूर हैं। काम के सिलसिले में उन्हें दिन के अधिकांश समय घर से बाहर रहना पड़ता है। इसी का फायदा उठाकर तरुण राम नामक युवक का नाबालिग के घर आना-जाना शुरू हो गया।











परिवार का आरोप है कि इसी दौरान युवक ने नाबालिग को डराकर और बहला-फुसलाकर कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।सोमवार दोपहर नाबालिग की मां अचानक घर लौटीं और कथित तौर पर युवक को नाबालिग के साथ देखा। इसके बाद गुस्से में उन्होंने युवक की पिटाई कर उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद नाबालिग की मां ने दुर्गापुर के फरीदपुर फाड़ी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और तरुण राम को गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया।पुलिस ने बताया कि नाबालिग के परिवार की शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही नाबालिग का मेडिकल परीक्षण दुर्गापुर महकमा अस्पताल में कराया गया।


