ASANSOL

Asansol Accident डंपर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर, सड़क जाम कर प्रदर्शन

बंगाल मिरर, आसनसोल: ( Asansol Accident News ) आसनसोल के सेनरेले रोड स्थित कुमारपुर मोड़ पर बुधवार सुबह डंपर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान कल्याणपुर निवासी विद्युत कर के रूप में हुई है। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर डंपरों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा व्यस्त समय में सख्ती से ‘नो-एंट्री’ लागू करने की मांग की।


जानकारी के अनुसार, विद्युत कर बाइक से अपने कार्यालय जा रहे थे। कुमारपुर मोड़ के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।


हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कार्यालय और स्कूल जाने के व्यस्त समय में नो-एंट्री के बावजूद इस मार्ग पर डंपरों की आवाजाही जारी रहती है। उनका दावा है कि भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से इलाके में लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है।


सड़क जाम की सूचना पर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। पुलिस के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया और यातायात सामान्य हुआ। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि डंपरों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण और नो-एंट्री नियम का सख्ती से पालन नहीं हुआ तो फिर आंदोलन किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *