विभिन्न मांगों को लेकर आसनसोल में डीआरएम कार्यालय पर ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन का प्रदर्शन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* विभिन्न मांगों को लेकर ईस्टर्न रेलवे मेंस यूनियन ने बुधवार को आसनसोल में पूर्व रेलवे के आसनसोल डिवीजन के डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में आसनसोल डिवीजन की 10 शाखाओं के यूनियन सदस्यों ने हिस्सा लिया। यूनियन की ओर से अपनी मांगों को लेकर डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) को एक ज्ञापन भी सौंपा गया।यूनियन के केंद्रीय संगठन सचिव प्रवीण कुमार झा ने कहा कि कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।











उन्होंने आउटसोर्सिंग बंद करने, मनमाने ढंग से बनाए गए ऑपरेटिंग रूम को चालू नहीं करने तथा लोको पायलट और गार्डों के लिए अलग-अलग ऑपरेटिंग रूम बनाने की मांग की।उन्होंने आगे कहा कि ट्रैकमैनों के लिए बनाए गए गैंग हटों की स्थिति कई जगहों पर जर्जर है और वहां पानी तथा शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव है। उन्होंने ट्रैकमैनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए गैंग हटों का जीर्णोद्धार करने की मांग की।
इसके अलावा, महिला रेलकर्मियों द्वारा संचालित कार्यालयों में बेहतर शौचालय की व्यवस्था, ग्रुप-डी कर्मचारियों से 8 घंटे से अधिक काम नहीं कराने, आसनसोल डिविजनल अस्पताल में जल्द हृदय रोग और न्यूरोलॉजी विभाग की सुविधाएं शुरू करने तथा रेलकर्मियों के आवास और क्वार्टरों की मरम्मत की मांग की गई।यूनियन की ओर से सभी रेलवे कार्यालयों में कंप्यूटर और कंप्यूटर आधारित कार्यों की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ कर्मचारियों से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।


