ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में तालाब के पानी में जहर मिलाने का आरोप, मरी मछलियां, भाजपा मुखर

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, चरण मुखर्जी और राजा बंदोपाध्याय:* तालाब के पानी में जहर या किसी रासायनिक पदार्थ मिलाने का आरोप! एक के बाद एक मछलियां मृत अवस्था में पानी की सतह पर तैरती मिलीं। दुर्गंध से इलाके के लोग परेशान हैं। पूजा के ठीक पहले प्राचीन तालाब में इस तरह की घटना को लेकर दुर्गापुर के न्यू टाउनशिप थाना क्षेत्र के पद्मार पोखर इलाके में भारी हलचल मच गई। विपक्षी दलों पर तालाब के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाते हुए इलाके के भाजपा नेता और कार्यकर्ता मुखर हुए हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पद्मार पोखर काफी पुराना तालाब है।

इलाके के लोग विभिन्न जरूरतों के लिए इस जलाशय के पानी का इस्तेमाल करते हैं। इतना ही नहीं, स्थानीय लोगों का दावा है कि आसपास के जंगल से विभिन्न वन्यजीव भी इस जलाशय में पानी पीने आते हैं। ऐसे में इस तरह तालाब में मछलियों के मरकर तैरने की घटना से स्वाभाविक रूप से इलाके में डर का माहौल है।गुरुवार सुबह अचानक स्थानीय लोगों की नजर तालाब के पानी में एक के बाद एक मछलियों के मृत अवस्था में तैरने पर पड़ी।

देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। मछलियों के तैरने के साथ-साथ जलाशय के चारों ओर तेज दुर्गंध फैलने की शिकायत भी स्थानीय लोगों ने की। सूचना मिलने पर न्यू टाउनशिप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बताया गया है कि पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।वहीं, इस घटना को लेकर इलाके के भाजपा नेता भी मुखर हुए हैं।

उन्होंने कहा कि जानकारी मिली है कि इस तालाब में मछली पालन किया जाता था। वे लोग पहले सीपीएम करते थे और बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए। तालाब के पानी में इस तरह मरी हुई मछलियां क्यों तैरती मिलीं, इसे लेकर हमने पूरे मामले की जांच करने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *