बर्नपुर मिनी मार्केट में कागज के कार्टन के गोदाम में भीषण आग, इलाके मेंदहशत
*बंगाल मिरर बर्नपुर, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर मिनी मार्केट में कागज के कार्टन के एक गोदाम में भीषण आग लग गई। शनिवार तड़के हुई इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। आग लगने की खबर मिलते ही स्थानीय निवासी और व्यवसायी तेजी से घटनास्थल पर पहुंचे। गोदाम में बड़ी मात्रा में कागज के कार्टन रखे होने के कारण आग के फैलने की आशंका पैदा हो गई।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार तड़के करीब चार बजे बर्नपुर मिनी मार्केट स्थित कागज के कार्टन के एक गोदाम में आग लग गई। इसकी खबर आसपास के इलाके के निवासियों को मिली।











इसके बाद वे घटनास्थल पर पहुंचे और गोदाम का शटर तोड़कर आग बुझाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बाद में दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग पर काबू पाया।गोदाम में बड़ी मात्रा में कागज के कार्टन रखे होने के कारण आग के आसपास की दुकानों तक फैलने की आशंका जताई जा रही थी। स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल विभाग के प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना को लेकर बाजार क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग लगने के कारणों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों के एक वर्ग का अनुमान है कि महालया के अवसर पर पटाखे फोड़ने के कारण आग लगी हो सकती है।वहीं, गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस अग्निकांड में कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी गोदाम के मालिक की ओर से नहीं दी गई है।


