दुर्गापुर में पूजा से पहले चोरी हुई बाइक बरामद, दो गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* पुलिस ने चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। अपनी मोटरसाइकिल वापस मिलने से दुर्गापुर के विद्यासागर पल्ली निवासी बिपुल विश्वास को दुर्गापूजा से पहले राहत मिली है। बाइक चोरी की शिकायत मिलने के बाद कोक ओवन थाने की पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी हुई बाइक भी बरामद कर ली।पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते 5 अक्टूबर को दुर्गापुर के विद्यासागर पल्ली निवासी बिपुल विश्वास एक रिश्तेदार को लेने दुर्गापुर स्टेशन गए थे।













उस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में अपनी बाइक खड़ी की थी। काम खत्म करके वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि बाइक वहां नहीं थी। विभिन्न जगहों पर तलाश करने के बावजूद बाइक का पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने कोक ओवन थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई।शिकायत मिलने के बाद ही कोक ओवन थाने की पुलिस जांच में जुट गई।
थाना प्रभारी अंजन मंडल के निर्देश पर असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (एएसआई) संजय घोष के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बुधवार रात देबा चौहान और अजय राम नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों आरोपी पानागढ़ के निवासी हैं। उनके पास से ही चोरी हुई मोटरसाइकिल बरामद की गई।गुरुवार को गिरफ्तार दोनों आरोपियों को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया।

