Durgapur निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में छात्र की पिटाई, 4 सीनियर छात्रों पर आरोप
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : दुर्गापुर स्थित एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में द्वितीय वर्ष के एक छात्र की बेरहमी से पिटाई का आरोप कॉलेज के ही तृतीय वर्ष के 4 छात्रों पर लगा है। इस घटना में घायल छात्र के परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कॉलेज में विरोध जताया। घटना के संदर्भ में कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि आरोपी छात्रों से 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। जवाब नहीं दे पाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी।














घायल छात्र बाबुल पाल कॉलेज में हॉस्पिटल मैनेजमेंट विभाग के द्वितीय वर्ष का छात्र है और कांकसा के बिहारपुर का निवासी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को बाबुल कॉलेज के कैंटीन में बैठकर टिफिन कर रहा था। उसी समय कॉलेज के बीसीए विभाग के तृतीय वर्ष के 4 छात्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया और चारों छात्रों ने बाबुल पाल की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद बाबुल को कॉलेज प्रबंधन ने अस्पताल में भर्ती कराया गया और एनटीएस थाना को घटना की सूचना दी गई। एनटीएस थाना पुलिस ने आरोपी चारों छात्रों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने के बाद शुक्रवार की रात छोड़ दिया।
घटना की सूचना बाबुल के परिजनों को मिलने के बाद उसके परिजनों ने शनिवार को कॉलेज पहुंच कर हंगामा किया। बाबुल के परिजनों को कॉलेज प्रबंधन ने समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। घटना के संदर्भ में कॉलेज की अध्यक्षा डॉ. अरुणाभा मुखोपाध्याय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। कॉलेज के नियमानुसार आरोपी छात्रों को शो-कॉज किया गया है। 48 घंटे में उचित जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जायेगी।

