राज्य में 2021 के चुनावी हिंसा मामलों में और अवैध खनन – पशु बाजार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
बंगाल मिरर, एस सिंह : पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन एक बार फिर सख्त नजर आ रहा है। एडीजी (कानून-व्यवस्था) की ओर से राज्यभर में अवैध खनन, अवैध पशु बाजार और संगठित आपराधिक गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। विशेष रूप से पत्थर, कोयला और बालू के अवैध कारोबार पर नजर रखने तथा इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने को कहा गया है।इसके साथ ही राज्य में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामलों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।














उल्लेखनीय है कि चुनाव के बाद राज्यभर में राजनीतिक प्रतिशोध के आरोपों के बीच हत्या, दुष्कर्म और दुष्कर्म के प्रयास जैसी गंभीर घटनाओं को लेकर कलकत्ता हाई कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। राज्य सरकार ने हाई कोर्ट के इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने भी सीबीआई जांच के आदेश को बरकरार रखा।हालांकि, वोट के बाद हुई हिंसा से जुड़े अन्य मामलों की जांच की जिम्मेदारी राज्य पुलिस और कोलकाता पुलिस को ही सौंपी गई थी।
बताया जाता है कि 2021 विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में राजनीतिक हिंसा की घटनाओं में 50 से अधिक लोगों की जान गई थी। उस समय ‘पोस्ट पोल वायलेंस’ से जुड़े लगभग 2000 मामले दर्ज किए गए थे।प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार अब कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहती और अवैध कारोबार व हिंसा से जुड़े मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

