RAILPAR कांड में 31 गिरफ्तार, क्षतिपूर्ति वसूली की नोटिस
बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल स्थित नॉर्थ थाना अंतर्गत जहांगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी में 15 मई को हुई तोड़फोड़ और उपद्रव की घटना को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में अब तक 31 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है।सोमवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से इलाके में माइकिंग कर लोगों को जानकारी दी गई कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पुलिस फाड़ी में तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति वसूली की जाएगी। इस दौरान इलाके में पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।














इस संबंध में पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने बताया कि 15 मई को जहांगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी में हुई हिंसा और तोड़फोड़ की जांच लगातार जारी है। अब तक 31 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के गृह विभाग के निर्देश के अनुसार सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों से हर्जाना वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

