ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में व्यापारी समिति पर कब्जे की कोशिश का आरोप, बदमाशों के हमले से सनसनी

बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय: दुर्गापुर के सेन मार्केट में रविवार को जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की घटना सामने आई। आरोप है कि कुछ बदमाशों ने बाजार में घुसकर व्यापारियों पर हमला किया, सब्जियां सड़क पर फेंक दीं और व्यापारी नेताओं के साथ मारपीट की। इस घटना को लेकर इलाके में भारी तनाव फैल गया।मिली जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस संबंध में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बल के जवानों को भी तैनात किया गया।व्यापारियों का आरोप है कि 4 मई को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कुछ भाजपा समर्थक सेन मार्केट व्यापारी समिति के कार्यालय पर कब्जा करने पहुंचे थे। उस समय समिति के सदस्यों ने इसका विरोध किया और सवाल उठाया कि एक गैर-राजनीतिक संगठन के कार्यालय पर कब्जे की कोशिश क्यों की जा रही है।रविवार सुबह कथित तौर पर कुछ लोग चेहरे पर काला कपड़ा बांधकर सेन मार्केट में पहुंचे और उत्पात मचाना शुरू कर दिया।

आरोप है कि उन्होंने व्यापारियों की सब्जियां सड़क पर फेंक दीं और सेन मार्केट व्यापारी समिति के महासचिव सागर साहा के साथ मारपीट की। इसके बाद बाजार के व्यापारी आक्रोशित हो उठे।घटना की खबर मिलते ही कोकओवन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालात बिगड़ने पर केंद्रीय बल के जवानों को भी उतारा गया। इस दौरान पुलिस पर लाठीचार्ज करने के आरोप भी लगे हैं। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।पूरे घटनाक्रम को लेकर सेन मार्केट और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वायरल वीडियो फुटेज सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *