Asansol : नगर निगम के पार्किंग स्थलों, संपत्तियों के आवंटन में गड़बड़झाला, हो जांच : दुर्गेश
बंगाल मिरर, आसनसोल :: आसनसोल नगर निगम में विभिन्न पार्किंग स्थलों, निगम संपत्तियों के आवंटन तथा टेंडर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा नेता दुर्गेश नागी ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इन मामलों की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए राज्य सरकार और संबंधित विभागों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है।दुर्गेश नाग ने आरोप लगाया कि नगर निगम के अंतर्गत पार्किंग शुल्क वसूली, विभिन्न संपत्तियों के आवंटन और कई टेंडरों के वितरण में नियमों की अनदेखी की गई है।













उन्होंने कहा कि इन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव दिखाई देता है, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका बढ़ जाती है। उनका कहना है कि यदि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।भाजपा नेता ने राज्य के नगर विकास विभाग से भी हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विभाग की मंत्री अग्निमित्रा पाल से अनुरोध किया है कि पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाए और यदि किसी भी जनप्रतिनिधि, तृणमूल कांग्रेस के पार्षद या अन्य पदाधिकारियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
दुर्गेश नागी ने कहा कि जनता के पैसे और सरकारी संसाधनों के उपयोग में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि पार्किंग वसूली से प्राप्त राजस्व, निगम की संपत्तियों के आवंटन की प्रक्रिया तथा टेंडरों के वितरण से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।हालांकि, इस संबंध में अभी तक आसनसोल नगर निगम अथवा तृणमूल कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और बढ़ने की संभावना है।


