ASANSOLPURULIA-BANKURA

Double Murder : अंधविश्वास के शक में पत्नी और पिता की गला काटकर हत्या का आरोप, मंदिर में पत्नी का कटा सिर; आरोपी गिरफ्तार

बंगाल मिरर, बांकुड़ा: पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले के सोनामुखी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां अंधविश्वास और कथित तांत्रिक गतिविधियों के चलते एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और पिता की गला काटकर हत्या करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी का सिर धड़ से अलग कर मंदिर में रख दिया। पुलिस ने दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और आरोपी मंगल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना सोनामुखी थाना क्षेत्र के लालबाबा मानाचर गांव की है, जो दामोदर नदी के किनारे स्थित है। जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी मंगल चौधरी और उनकी पत्नी रूम्पा चौधरी अक्सर स्थानीय मंदिर में पूजा-पाठ करते थे। बताया जा रहा है कि एक तांत्रिक भी उनके घर आता-जाता था।

सोमवार रात स्थानीय लोगों ने मंदिर में रूम्पा चौधरी का कटा हुआ सिर देखा। इसके बाद मंगल के पिता राजेंद्र चौधरी का गला कटा शव भी बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही सोनामुखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कथित तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ी मान्यताओं के प्रभाव में आकर मंगल ने पहले अपनी पत्नी और फिर पिता की हत्या की। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

स्थानीय निवासी दयाल पात्र ने बताया कि मंदिर में कटा सिर देखकर लोग सहम गए। उनके अनुसार, मंगल हाथ में हथियार लेकर लोगों को धमका रहा था और जान से मारने की बात कह रहा था।

वहीं, आरोपी के भाई रामलखन चौधरी ने बताया कि एक तांत्रिक भिक्षा मांगने के लिए घर आता था। उनके अनुसार, मंगल पिछले चार-पांच वर्षों से पूजा-पाठ कर रहा था और उसने अपने भाई पर भी हथियार से हमला करने की कोशिश की थी।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और कठोर सजा की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *