Asansol : सफाई पर विशेष जोर, निजी डस्टबिन, अवैध पार्किंग पर लगेगा जुर्माना : मंत्री अग्निमित्रा पाल
बंगाल मिरर, आसनसोल,: शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने गुरुवार को आसनसोल सर्किट हाउस में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इस दौरान जिला शासक और पुलिस आयुक्त भी उपस्थित रहे।मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में “स्वच्छ ऐप” की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से यदि किसी स्थान पर सड़क पर कचरा पड़ा दिखाई देता है, तो नागरिक उसकी तस्वीर अपलोड कर सकते हैं। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम के कर्मचारी कचरा साफ करेंगे और सफाई के बाद की तस्वीर अपलोड करेंगे। इसके बाद शिकायत का निपटारा माना जाएगा।













उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीनों के बाद सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।इसी अवसर पर निजी पहल “एड माई बिन” का भी शुभारंभ किया गया। इस परियोजना के तहत निजी कंपनी शहर के व्यस्त और जनबहुल इलाकों में डस्टबिन लगाएगी। डस्टबिनों की नियमित सफाई और रखरखाव की जिम्मेदारी भी कंपनी की होगी। इसके अलावा पान की पीक के लिए विशेष पीक-बिन लगाने तथा डस्टबिनों पर रात्रि में प्रकाश व्यवस्था करने की भी योजना बनाई गई है। मंत्री ने बताया कि लगभग हर 100 मीटर की दूरी पर डस्टबिन लगाए जाएंगे, जिससे नगर निगम पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।
मंत्री ने अवैध पार्किंग के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में कई स्थानों से अवैध पार्किंग हटाई जा चुकी है। वैध पार्किंग स्थलों को सफेद रंग से चिह्नित किया जाएगा। अगले तीन महीनों के बाद निर्धारित स्थानों के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।राज्य सरकार का उद्देश्य स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाकर आसनसोल को एक अधिक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना है।


