Asansol नगर निगम गोदाम के औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बंगाल सरकार की शहरी विकास मंत्री अग्रिमित्रा पाल ने आज आसनसोल के काली पहाड़ी इलाके में स्थित आसनसोल नगर निगम के गोदाम का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम की जमीनी हकीकत का जायजा लिया और वहां मौजूद अधिकारियों से विस्तृत बातचीत की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्रिमित्रा पाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गोदाम में भारी अनियमितता देखने को मिली है। गोदाम में सफाई कर्मचारियों के लिए इस्तेमाल होने वाली कचरा गाड़ियां, वॉटर स्प्रिंकलर और अन्य आवश्यक सामग्रियां भारी मात्रा में जमा करके रखी गई हैं, जिन्हें कर्मचारियों तक पहुंचाया ही नहीं गया। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि इन महत्वपूर्ण सामग्रियों को दबाकर रखने के कारण सफाई कर्मचारी पिछले 15 वर्षों से बेहद कठिनाइयों और दयनीय परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं, लेकिन राज्य में नई सरकार आने के बाद इस तरह की लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।













मामले को गंभीरता से लेते हुए शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों को गोदाम में रखे गए सभी सामानों की एक विस्तृत सूची बनाने के सख्त निर्देश दिए हैं और उन्होंने कहा कि आज शाम तक यह सूची उन्हें मिल जाएगी। इसके बाद वह आसनसोल नगर निगम से बात करेंगी और यह जानने की कोशिश करेंगी कि ये चीजें सफाई कर्मचारियों के हाथों तक क्यों नहीं पहुंचीं। मंत्री पाल ने इस बात पर गहरा आश्चर्य और रोष व्यक्त किया कि नगर निगम द्वारा नियमित रूप से टेंडर तो हो रहे हैं, लेकिन टेंडर में एकत्रित सभी सामानों का वितरण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस बात की पूरी जांच करेंगी कि आखिर ऐसी अव्यवस्था क्यों है ताकि दोषियों पर उचित कार्रवाई की जा सके और सफाई कर्मचारियों को उनके हक की सामग्रियां जल्द से जल्द मिल सकें।


