Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Bengal Mirror
ASANSOL

पानागढ़ वायुसेना स्टेशन के पास CCTV लगाने के आरोप में गैरेज मालिक समेत दो गिरफ्तार

बंगाल मिरर,पानागढ़: पश्चिम बर्दवान जिले के पानागढ़ वायुसेना स्टेशन की सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वायुसेना स्टेशन की सीमा से मात्र 10 मीटर की दूरी पर एक लंबे पाइप के सहारे सीसीटीवी कैमरा लगाया गया था, जिससे पिछले कई महीनों से एयरबेस के अंदर की गतिविधियों की तस्वीरें रिकॉर्ड की जा रही थीं।कुछ दिन पहले इस कैमरे पर वायुसेना अधिकारियों की नजर पड़ी। जांच में पाया गया कि कैमरा 360 डिग्री तक घूमने में सक्षम था और इसके जरिए वायुसेना स्टेशन के अंदरूनी हिस्सों तथा मुख्य प्रवेश द्वार की तस्वीरें कैद की जा रही थीं। इसके बाद वायुसेना प्रशासन ने मामले की शिकायत कांकसा थाने में दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर पुलिस ने कैमरा जब्त कर उसकी तकनीकी जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के बाद पुलिस ने गैरेज मालिक मुन्ना पंडित तथा कैमरा लगाने वाले संदीप दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

दोनों पानागढ़ क्षेत्र के निवासी हैं।गुरुवार को गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस हिरासत में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार स्वयं कांकसा थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की।पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अभी तक पूरी सच्चाई सामने नहीं आई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कैमरा लगाने का उद्देश्य क्या था और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पानागढ़ और कांकसा क्षेत्र से राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इसी कारण सैन्य दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पानागढ़ क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं।स्थानीय निवासी मोहम्मद शमीम और अब्दुल हबीब ने बताया कि बुधवार को पुलिस गैरेज पहुंची थी और वहां से सीसीटीवी कैमरा खोलकर अपने साथ ले गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *