2021 के चुनाव बाद हुई हिंसा को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, चित्तरंजन थाने में तृणमूल के तीन नेताओं के खिलाफ शिकायत
बंगाल मिरर, चित्तरंजन, राजा बंदोपाध्याय: पांच वर्ष पहले हुए विधानसभा चुनाव के बाद कथित राजनीतिक हिंसा के मुद्दे को लेकर भाजपा एक बार फिर आंदोलन के रास्ते पर उतर आई है। चित्तरंजन और सिमजुड़ी क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों पर हमले के आरोप में भाजपा नेताओं ने चित्तरंजन थाने में तृणमूल कांग्रेस के तीन नेताओं के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। साथ ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने प्रदर्शन भी किया गया।भाजपा का आरोप है कि 2021 विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक प्रतिशोध का माहौल बनाया गया था। उस दौरान भाजपा के कई कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर हमले हुए थे।













भाजपा ने चित्तरंजन के तृणमूल नेताओं श्यामल गोप, मिथुन मंडल और अमित चक्रवर्ती पर इन घटनाओं में शामिल होने का आरोप लगाया है।पार्टी सूत्रों के अनुसार, केवल हमले ही नहीं बल्कि भाजपा के तत्कालीन मंडल अध्यक्ष के घर पर हथियारबंद लोगों द्वारा हमला, तोड़फोड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी जैसी घटनाएं भी हुई थीं। भाजपा का कहना है कि इन्हीं घटनाओं के आधार पर अब थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि मामले को कई बार प्रशासन के संज्ञान में लाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी कारण उन्हें लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।वहीं, पुलिस सूत्रों के अनुसार शिकायत पत्र स्वीकार कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस शिकायत को लेकर रेलनगरी चित्तरंजन के राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अब सभी की नजर पुलिस जांच और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।हालांकि, तीनों आरोपित नेताओं की ओर से इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस का कहना है कि पूरे पश्चिम बंगाल में इस तरह की शिकायतें की जा रही हैं। पुलिस के पास शिकायत दर्ज हुई है, अब पुलिस जांच कर सच्चाई सामने लाए।


