जंतर-मंतर लाठीचार्ज के विरोध में रानीगंज में भीम आर्मी का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़क जाम
बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, रानीगंज :दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवा सदस्यों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शनिवार को आसनसोल के रानीगंज में भीम आर्मी के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया। देशभर में चल रहे विरोध कार्यक्रमों के तहत पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज स्थित पंजाबी मोड़ पर शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की प्रतिमा के नीचे सुबह 11 बजे से यह आंदोलन शुरू हुआ।भीम आर्मी के आह्वान पर आयोजित इस कार्यक्रम में संगठन के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने भाग लिया।














प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर और नारे लगाते हुए जंतर-मंतर की घटना की कड़ी निंदा की तथा प्रश्नपत्र लीक मामले में शामिल लोगों की तुरंत पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि देश की शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रश्नपत्र लीक से जुड़े सभी दोषियों के खिलाफ शीघ्र और सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई।
आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।इस अवसर पर आयोजित सभा को भीम आर्मी के पश्चिम बर्दवान जिला अध्यक्ष कन्हैया राम ने संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक एवं न्यायसंगत आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस द्वारा किया गया लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में भ्रष्टाचार और प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

