Asansol बीएसयूपी आवंटन घोटाले में दंपति गिरफ्तार, कल्याणपुर में लाखों ऐंठने वाले कब आएंगे गिरफ्त में ?
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के डामरा क्षेत्र में गरीब परिवारों के लिए बनाए गए बीएसयूपी (BSUP) आवासों के आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितता और धांधली के आरोप सामने आए हैं। मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि नगर निगम के मेयर ने शिकायत मिलने पर जांच कराने का आश्वासन दिया है।जानकारी के अनुसार, पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी के कार्यकाल में गरीबों के लिए डामरा इलाके में आवास बनाए गए थे। इन आवासों को प्राप्त करने के लिए लाभार्थियों को नगर निगम में लगभग साढ़े सात हजार रुपये जमा करने होते थे। आरोप है कि बाद के वर्षों में वास्तविक लाभार्थियों को आवास देने के बजाय मोटी रकम लेकर अन्य लोगों को आवास आवंटित कर दिए गए।













भाजपा दक्षिण मंडल के सचिव अपूर्व राय ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उनके पास आवासों की खरीद-फरोख्त की शिकायतें आ रही थीं। उनका दावा है कि कई आवास 20 से 21 हजार रुपये लेकर दूसरे लोगों को दे दिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ खाली पड़े आवासों में शराबखोरी और इंटरनेट के माध्यम से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
वहीं नागरिकों का आरोप है कि कल्याणपुर हाउसिंग में जो आवास है वहां यहां से भी बड़ा घोटाला हुआ है वहां लाखों में बिके है। इसकी गहराई से जांच हो तो कई बड़े चेहरे बेनकाब होंगे। वहीं , आसनसोल के मेयर विधान उपाध्याय ने कहा कि यदि किसी प्रकार की खरीद-फरोख्त या अनियमितता की शिकायत सामने आती है तो नगर निगम की ओर से पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



