Asansol में मंत्री और विधायकों ने गिनाईं प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों की उपलब्धियां
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को आसनसोल के शीतला स्थित भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा के आसनसोल संगठनात्मक जिला की ओर से एक पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं विधायक अग्निमित्रा पाल, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, उत्तर आसनसोल के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय तथा भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य उपस्थित थे।पत्रकारों को संबोधित करते हुए नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को विस्तार से रखा।













अग्निमित्रा पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए हैं तथा सौर ऊर्जा के विकास पर विशेष जोर दिया है। आज जब दुनिया ऊर्जा संकट और वैश्विक संघर्षों की चुनौतियों का सामना कर रही है, तब भारत का सौर ऊर्जा की दिशा में बढ़ता कदम देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत कर रहा है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना और जनधन योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को लाभ पहुंचा है। अब तक देश में शून्य बैलेंस पर 58 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें 32 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत बिना किसी गारंटी के 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। वहीं किसान क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में 7.71 करोड़ किसानों को लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य देश को मजबूत बनाना और विशेष रूप से महिलाओं को सशक्त करना है।
विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय और जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया है। पहले यह धारणा थी कि केवल व्यापारी परिवारों के लोग ही व्यवसाय कर सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस सोच को बदलने का प्रयास किया है। आज देश के युवा स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए आगे आ रहे हैं और केंद्र सरकार उन्हें आसान ऋण तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर प्रोत्साहित कर रही है।उन्होंने कहा कि इससे युवा आत्मनिर्भर बन रहे हैं और रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहे हैं। यह देश के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने पिछले 12 वर्षों में जिस विकास यात्रा को तय किया है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प निश्चित रूप से साकार होगा।
ए



