Durgapur में सड़क पर गंदगी फैलाने पर लगेगा जुर्माना, मंत्री का स्वच्छता अभियान
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : दुर्गापुर में शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। सड़क, बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या पान की पीक थूकने वालों के खिलाफ जल्द ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मंगलवार सुबह दुर्गापुर के सिटी सेंटर बस स्टैंड क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियान में राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। ‘निर्मल बंधु’ और ‘निर्मल साथी’ कार्यक्रम के तहत आयोजित इस अभियान में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, दुर्गापुर नगर निगम के आयुक्त अबुल कलाम आजाद इस्लाम सहित कई अधिकारी और सफाईकर्मी मौजूद थे।मंत्री ने बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान में भाग लेने के साथ-साथ स्थानीय दुकानदारों से भी बातचीत की और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।













अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि, उससे पहले लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक हेल्पलाइन नंबर शुरू किया जाएगा, जहां नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं दर्ज करा सकेंगे। विभाग की ओर से उन शिकायतों के त्वरित समाधान की व्यवस्था की जाएगी।सरकार का उद्देश्य शहरों को साफ-सुथरा, स्वस्थ और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है, जिसके लिए प्रशासन और आम नागरिकों की संयुक्त भागीदारी पर जोर दिया जा रहा है।



