ASANSOLRANIGANJ-JAMURIA

Raniganj में तृणमूल युवा नेता पर अंडे फेंके, भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के मामले में गिरफ्तार

बंगाल मिरर, रानीगंज, राजा बंदोपाध्यायःआसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के रानीगंज थाना परिसर में मंगलवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब गिरफ्तार तृणमूल युवा कांग्रेस नेता सौमित्र बंदोपाध्याय को अदालत ले जाते समय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके। इस घटना से थाना परिसर में काफी देर तक उत्तेजना का माहौल बना रहा।जानकारी के अनुसार, सोमवार रात भाजपा नेता रवि केसरी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने तृणमूल युवा कांग्रेस नेता सौमित्र बंदोपाध्याय को गिरफ्तार किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वर्ष 2024 में आरजी कर (अभया) कांड के विरोध में आयोजित भाजपा के एक कार्यक्रम के दौरान सौमित्र बंदोपाध्याय के नेतृत्व में तृणमूल समर्थित लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला किया था।

मंगलवार को जब पुलिस गिरफ्तार नेता को रानीगंज थाने से निकालकर आसनसोल अदालत में पेश करने के लिए वाहन तक ले जा रही थी, तभी पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और अंडे फेंके। कुछ कार्यकर्ता उनकी ओर बढ़ने की भी कोशिश करने लगे। हालांकि पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए किसी तरह सौमित्र बंदोपाध्याय को वाहन में बैठाकर वहां से रवाना किया।भाजपा नेता रवि केसरी ने दावा किया कि सौमित्र बंदोपाध्याय लंबे समय से भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकाने और उन पर हमले करवाने में शामिल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल युवा नेता ने उनकी हत्या की कोशिश भी की थी।

भाजपा नेताओं का कहना है कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज भी पुलिस को सौंपा गया है।वहीं, सभी आरोपों को खारिज करते हुए सौमित्र बंदोपाध्याय ने खुद को पूरी तरह निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच्चाई सामने आएगी।इस घटना के बाद भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। भाजपा ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा राजनीतिक प्रतिशोध के तहत पुलिस प्रशासन का दुरुपयोग कर उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को झूठे मामलों में फंसा रही है।रानीगंज थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *