बाराबनी का टीएमसी नेता पिंटू सिंह गिरफ्तार
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बर्दवान जिले के बाराबनी क्षेत्र में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के एक मामले में तृणमूल कांग्रेस नेता इंद्रजीत सिंह उर्फ पिंटू सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इंद्रजीत सिंह, बाराबनी ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष असित सिंह के भाई हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से चल रही जांच के आधार पर मंगलवार को उनकी गिरफ्तारी की गई। बुधवार को उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। अदालत परिसर में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस और केंद्रीय बलों की विशेष तैनाती की गई थी।स्थानीय सूत्रों का दावा है कि 2021 के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में हुई कई हिंसक घटनाओं में इंद्रजीत सिंह का नाम सामने आया था।













हालांकि, इस संबंध में आरोपी या उसके परिवार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।पुलिस ने अदालत से आरोपी को सात दिनों की पुलिस हिरासत में देने की मांग की है ताकि मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा सके और अन्य तथ्यों को जुटाया जा सके।इस गिरफ्तारी के बाद बाराबनी क्षेत्र के राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने से अधिक समय के दौरान 2021 के चुनाव बाद हिंसा और अन्य मामलों में पश्चिम बर्दवान जिले के कई तृणमूल नेताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।



