TMC पश्चिम बर्दवान जिला अध्यक्ष पद से नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का इस्तीफा, बोले- “476 नेताओं पर वारंट, अकेला क्या करूं?”
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में एक बार फिर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पांडेश्वर के पूर्व विधायक और पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने पार्टी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर स्वास्थ्य संबंधी कारणों का हवाला देते हुए पद छोड़ने की जानकारी दी है।














हालांकि, इस्तीफे के बाद नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के बयान ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने कहा कि उनकी पुरानी राजनीतिक पहचान है और वे कई नेताओं से मुलाकात कर चुके हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जिले में पार्टी के 476 नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है।
उन्होंने कहा, “इस परिस्थिति में कोई किसी के साथ नहीं है। मैं अकेला क्या कर सकता हूं?” उनके इस बयान को लेकर राजनीतिक विश्लेषक कई तरह के मायने निकाल रहे हैं।
हालांकि चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि वह अभी भी तृणमूल कांग्रेस में ही हैं, लेकिन भविष्य में उनकी भूमिका क्या होगी, इस पर उन्होंने खुलकर कुछ नहीं कहा।
गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद से तृणमूल कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं लगातार होती रही हैं। हाल ही में ममता बनर्जी ने सभी जिला कमेटियों को भंग कर नई कमेटियों का गठन किया था। नई कमेटी के गठन के कुछ ही दिनों बाद जिला अध्यक्ष का इस्तीफा सामने आने से पार्टी के अंदरूनी समीकरणों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
अब राजनीतिक हलकों की नजर इस बात पर टिकी है कि पार्टी नेतृत्व नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के इस्तीफे पर क्या रुख अपनाता है और इसका जिले की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।


