Raniganj Chaos: मतांतरण के आरोप पर भारी तनाव, हिरासत में कई लोग, पूछताछ
बंगाल मिरर, रानीगंज: रानीगंज के पंजाबी मोड़ फाड़ी अंतर्गत रामबागान इलाके में कथित मतांतरण के आरोप को लेकर रविवार को भारी तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। जानकारी के अनुसार, रामबागान स्थित एक निजी मैरिज हॉल में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और छोटे बच्चों का जमावड़ा लगा हुआ था।इसी दौरान भाजपा के कुछ पदाधिकारी एवं विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सदस्य वहां पहुंचे और आरोप लगाया कि हिंदू धर्म के लोगों का अनुचित तरीके से मतांतरण किया जा रहा है। आरोप लगते ही इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।














घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान सभा में शामिल कुछ लोग मौके से फरार भी हो गए।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए कई पुरुषों और महिलाओं को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लोगों को शारीरिक रूप से स्वस्थ होने, मानसिक तनाव और भय से मुक्ति पाने जैसे विभिन्न कारणों का हवाला देकर दूसरे धर्म के प्रति आकर्षित किया जाता था। हालांकि, मतांतरण के बदले धनराशि या अन्य किसी प्रकार का प्रलोभन दिया जाता था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लोगों में दूसरे धर्म के प्रति विश्वास बढ़ाने के लिए किन-किन तरीकों और तर्कों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई कि कार्यक्रम में शामिल अधिकांश लोग जामुड़िया क्षेत्र के निवासी थे। इसकी जानकारी मिलने पर जामुड़िया के विधायक बिजन मुखर्जी पंजाबी मोड़ फाड़ी पहुंचे और वहां मौजूद लोगों की स्थिति एवं मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है तथा स्थिति नियंत्रण में है।


