ASANSOL

आसनसोल नगर निगम की एक और तृणमूल पार्षद ने दिया इस्तीफा

बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 13 की तृणमूल कांग्रेस पार्षद रीना मुखोपाध्याय ने व्यक्तिगत एवं पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उनका इस्तीफा फिलहाल स्वीकृति की प्रक्रिया में है। रीना मुखोपाध्याय ने स्वयं इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उन्होंने अपना इस्तीफा आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय को भेज दिया है।कई वर्षों से सक्रिय राजनीति से जुड़ी रीना मुखोपाध्याय ने कहा कि हाल के दिनों में उत्पन्न व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उन्हें यह कठिन निर्णय लेना पड़ा। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत क्षेत्र के विकास और जनसेवा के उद्देश्य से की थी तथा पार्षद के रूप में हमेशा लोगों के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया।

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के समय से ही उनकी मां गंभीर रूप से बीमार थीं और अस्पताल में उपचाराधीन थीं। बाद में उनकी मां का निधन हो गया। जीवन के इस गहरे दुख के बावजूद उन्होंने वार्डवासियों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का पूरा प्रयास किया।रीना मुखोपाध्याय ने कहा, “मैंने अपनी क्षमता के अनुसार लोगों की सेवा करने की कोशिश की। मुझे क्षेत्र के लोगों का भरपूर प्यार और सहयोग मिला। आगे भी यदि कोई मदद के लिए संपर्क करेगा तो मैं यथासंभव उसके साथ खड़ी रहूंगी।”उनके इस्तीफे की खबर सामने आते ही आसनसोल के राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि रीना मुखोपाध्याय ने स्पष्ट किया है कि उनके इस्तीफे के पीछे कोई राजनीतिक कारण नहीं है।

उन्होंने कहा कि यह फैसला पूरी तरह से व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों के कारण लिया गया है।उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पार्षद पद छोड़ने के बावजूद क्षेत्र के लोगों के साथ उनका संबंध बना रहेगा और वह भविष्य में भी जनसेवा के कार्यों से जुड़ी रहेंगी।गौरतलब है कि इससे पहले भी आसनसोल नगर निगम के एक बोरो चेयरमैन और एक अन्य पार्षद अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं। ऐसे में लगातार हो रहे इस्तीफों ने नगर निगम की राजनीति को लेकर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *