Jitendra Tiwari ने विधानसभा में उठाई मांग, हिंदी माध्यम स्कूलों में बंगला पढ़ाना हो अनिवार्य
बंगाल मिरर, स्नेहा गुप्ता, कोलकाता, 24 जून: पश्चिम बंगाल विधानसभा में बजट चर्चा के दौरान पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने हिंदी माध्यम स्कूलों में बंगला भाषा को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हिंदी और बंगला के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश की गई है, जिसे रोकना जरूरी है।
विधानसभा में अपने संबोधन के दौरान तिवारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में रहने वाले और हिंदी माध्यम स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए भी बंगला भाषा का ज्ञान आवश्यक है। उनका मानना है कि राज्य की भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव के लिए बंगला सीखना महत्वपूर्ण है।














उन्होंने वित्त मंत्री से अनुरोध किया कि राज्य के सभी हिंदी माध्यम स्कूलों में बंगला भाषा को अनिवार्य विषय बनाया जाए। इसके साथ ही बंगला पढ़ाने के लिए आवश्यक शिक्षकों की नियुक्ति का प्रावधान भी बजट में शामिल करने की मांग की।
जितेंद्र तिवारी ने कहा कि भाषा के आधार पर विभाजन की राजनीति को समाप्त करने और नई पीढ़ी को बंगाल की संस्कृति एवं विरासत से जोड़ने के लिए यह कदम बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।


