ASANSOLDURGAPUR

नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने का आरोप अपनी ही पार्टी की नेतृी पर पैसे वापस मांगने पर भाजपा कार्यकर्ता और उसके भाई पर हमला, दुर्गापुर में सनसनी

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः* नौकरी दिलाने के लिए अपनी ही पार्टी की एक नेतृी को पैसे दिए थे। दो महीने बाद वही पैसे वापस मांगने पर भाजपा के एक कार्यकर्ता पर हमला कर दिया गया। शनिवार रात हुई इस घटना में गंभीर रूप से घायल दुर्गापुर के बेनाचिति स्थित अन्नपूर्णा नगर निवासी भाजपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश प्रसाद को दुर्गापुर महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें बचाने की कोशिश में उनके भाई प्रेम प्रकाश प्रसाद भी घायल हो गए। उन्हें भी उसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से दुर्गापुर में भारी सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोप है कि 6 मई को दुर्गापुर स्टील प्लांट में नौकरी दिलाने का आश्वासन मिलने पर ओमप्रकाश प्रसाद ने भाजपा नेतृी मौसुमी दत्ता को 50 हजार रुपये दिए थे। लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिलने पर उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि इसी कारण शनिवार रात उन्हें घर से बुलाकर मारपीट की गई।ओमप्रकाश का दावा है कि मौसुमी दत्ता की मौजूदगी में ही उनके समर्थकों ने उन पर हमला किया। हालांकि, इस आरोप पर भाजपा नेतृी मौसुमी दत्ता ने कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया।घटना के बाद घायल ओमप्रकाश प्रसाद की पत्नी पूजा दुबे प्रसाद ने दुर्गापुर थाने में मौसुमी दत्ता और उनके करीबी लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि मामले की जानकारी पार्टी नेतृत्व को भी दी जा रही है।वहीं भाजपा नेता सुमंत मंडल ने दावा किया कि इस घटना का पार्टी से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप की उंगली स्थानीय कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर उठाई। उन्होंने कहा, “हमने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाने का अनुरोध किया है।”इस घटना को लेकर दुर्गापुर में तनाव का माहौल है। भाजपा नेतृत्व का कहना है कि शिकायत के आधार पर पुलिस कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *