Tuesday, September 22, 2026

Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Tuesday, September 22, 2026
Bengal Mirror
ASANSOL

रथयात्रा के अवसर पर पश्चिम बर्दवान के चार समितियों को 5 लाख रुपये की सहायता राशि हेल्प डेस्क और प्राथमिक चिकित्सा की भी व्यवस्था

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंद्योपाध्यायः* रथयात्रा के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से पश्चिम बर्दवान जिले की चार रथयात्रा समितियों को 5-5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। सोमवार को नवान्न सभागार से मुख्यमंत्री सुवेंदू अधिकारी की उपस्थिति में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पश्चिम बर्दवान जिले की इन चार समितियों को भी यह अनुदान दिया गया।

आसनसोल में पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय, पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी तथा अनुदान प्राप्त रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने बताया कि पश्चिम बर्दवान जिले की चार रथयात्रा समितियों को राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में औपचारिक रूप से यह अनुदान प्रदान किया गया। इस अवसर पर राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। जिले की अनुदान प्राप्त समितियों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।जिलाधिकारी ने आगे बताया कि सरकार के निर्देशानुसार विभिन्न रथयात्रा समितियों के क्षेत्रों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे।

वहां प्रशासनिक कर्मचारी और स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। हेल्प डेस्क पर पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा तथा आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रहेगी, ताकि आम लोगों को तुरंत सहायता मिल सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आह्वान पर पौधों के वितरण की भी व्यवस्था की गई है।

विभिन्न समितियों के साथ चर्चा कर उन स्थानों पर हेल्प डेस्क लगाए जाएंगे, जहां लोगों की अधिक भीड़ होती है, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुविधा मिल सके।जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम ने बताया कि सहायता राशि के लिए कुछ आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं। उनकी जांच और सत्यापन पूरा होने के बाद उन्हें राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य रथयात्रा उत्सव को सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *