बाराबनी में सनसनी ईंट भट्ठे जाने के रास्ते में बदमाशों के हमले में अधेड़ घायल, पुलिस जांच में जुटी
**बंगाल मिरर, बाराबनी, राजा बंदोपाध्यायः** घर से खाना खाकर ईंट भट्ठे में काम पर जाने के दौरान एक अधेड़ व्यक्ति बदमाशों के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार सुबह दो बदमाशों ने 55 वर्षीय गांधी बाउरी के पेट में चाकू मार दिया। घायल गांधी बाउरी फिलहाल दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। इस घटना से बाराबनी थाना क्षेत्र के पुछड़ा ग्राम पंचायत अंतर्गत नपाड़ा गांव में सनसनी फैल गई है। स्वाभाविक रूप से पीड़ित के परिजन भी दहशत में हैं।














बाराबनी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, बाराबनी के नपाड़ा गांव निवासी गांधी बाउरी गांव के एक ईंट भट्ठे में सुरक्षा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। वह पिछले 15 वर्षों से इसी काम में लगे हुए हैं। रोज की तरह बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घर से खाना खाकर ईंट भट्ठे की ओर जा रहे थे। तभी भट्ठे के पास अंधेरे में छिपे दो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और पेट में चाकू मार दिया।घायल अवस्था में गांधी बाउरी किसी तरह ईंट भट्ठे तक पहुंचे। वहां उन्होंने पूरी घटना भट्ठा मालिक को बताई। इसके बाद बाराबनी थाना को सूचना दी गई और उनके परिवार वालों को भी खबर दी गई।

पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें आसनसोल जिला अस्पताल ले गई। लेकिन उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बर्धमान मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि बाद में परिजन और ईंट भट्ठा मालिक उन्हें दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।इस संबंध में गांधी बाउरी की बेटी पुतुल बाउरी ने कहा, “मेरे पिता की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। यह घटना कैसे हुई, हम समझ नहीं पा रहे हैं। हम सभी बहुत डरे हुए हैं।”पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और बदमाशों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

