Asansol Pool Car Accident: मुर्शिदाबाद के बाद अब आसनसोल में हादसा, बाल-बाल बचीं 5 छात्राएं, तेज रफ्तार मिनीबस ने मारी टक्कर
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर में आज सुबह स्कूल वाहन दुर्घटना में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत की घटना से पूरा राज्य अभी उबर भी नहीं पाया था कि इसी तरह की एक और बड़ी दुर्घटना आसनसोल में सामने आई।शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे आसनसोल के मुर्गासोल स्थित पैंटालून्स शोरूम के पास एक तेज रफ्तार मिनीबस ने कलकत्ता गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं को लेकर जा रही मारुति ओमनी वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायल 5 छात्राओं को तत्काल आसनसोल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त मिनीबस को जब्त कर लिया और सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।














मुर्शिदाबाद के बहरामपुर में आज हुई दर्दनाक दुर्घटना, जिसमें दो स्कूली बच्चों की जान चली गई, और उसके कुछ ही घंटों बाद आसनसोल में हुए इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल समय के दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।स्थानीय लोगों ने स्कूल रूट पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार मिनीबसों पर सख्त कार्रवाई, नियमित पुलिस निगरानी तथा स्कूल समय में विशेष ट्रैफिक नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


